लखनऊ। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस 2026 को इस बार विशेष बनाने के लिए राज्य सरकार ने समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में असाधारण कार्य करने वाली पांच विभूतियों को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान प्रदान करने का निर्णय लिया है। यह सम्मान 24 से 26 जनवरी तक लखनऊ में आयोजित होने वाले भव्य यूपी दिवस समारोह में दिया जाएगा।
इस सूची में मेरठ जनपद से जुड़े प्रख्यात साहित्यकार और शिक्षाविद डॉ. हरिओम पंवार शामिल हैं, जिन्होंने कविता और लेखन के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को मजबूती दी है और शिक्षा को सेवा से जोड़ा है।
शिक्षा के डिजिटल क्षेत्र में क्रांति लाने वाले प्रयागराज के अलख पांडेय को कम लागत में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए चुना गया है।
विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन करने वाले लखनऊ निवासी विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला भी सम्मानित होंगे। महिला उत्थान की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहीं मेरठ की रश्मि आर्य, जिन्होंने सैकड़ों बच्चियों को निःशुल्क शिक्षा से जोड़ा, सम्मान सूची में शामिल हैं।
वहीं वाराणसी के कृषि वैज्ञानिक डॉ. सुधांशु सिंह को आधुनिक तकनीक से किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों के लिए चयनित किया गया है।
सरकार के अनुसार, इन सभी व्यक्तित्वों की उपलब्धियां उत्तर प्रदेश की प्रतिभा और संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान देती हैं।
