हाथरस (उत्तर प्रदेश)। हाथरस नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान एक वीडियो ने प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है। वायरल वीडियो में नगर पालिका के कार्यकारी अधिकारी विकास कुमार रेहड़ी-पटरी लगाकर कारोबार करने वाले छोटे व्यापारियों से तीखे शब्दों में बात करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद शहर के फुटपाथ व्यापारी भय और असमंजस की स्थिति में हैं। व्यापारियों का कहना है कि वे फल, सब्ज़ी, चाय-नाश्ता और घरेलू सामान बेचकर जैसे-तैसे परिवार चला रहे हैं। अचानक सख्त कार्रवाई और धमकी भरे शब्दों से उनका भविष्य संकट में दिखाई दे रहा है।
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि शहर को व्यवस्थित करना है तो प्रशासन को पहले वैकल्पिक स्थान, लाइसेंस और पुनर्वास की व्यवस्था करनी चाहिए। केवल दबाव और डर से समस्या का समाधान नहीं निकलेगा।
सोशल मीडिया पर लोग EO के व्यवहार की आलोचना कर रहे हैं और जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।
