मुजफ्फरनगर। शामली बस स्टैंड के निकट मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार आशु पुत्र सतवीर अपने साथी मोहित के साथ कहीं जा रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही रोडवेज बस (UP30 AT 2667) ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर कई मीटर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने बताया कि आशु की चोटें अत्यधिक गंभीर थीं, इसलिए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उसकी जान बचाने के लिए उसका एक पैर काटना पड़ा। दूसरा पैर भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त है। मोहित की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चालक अत्यधिक तेज गति में वाहन चला रहा था और बाइक को देखकर भी रफ्तार कम नहीं की। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
परिवार ने सरकार से आर्थिक सहायता और चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
