
लखनऊ। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने नशीली कफ-सिरप तस्करी से जुड़े एक बड़े गिरोह को लेकर अहम सफलता हासिल की है। टीम ने राजधानी के गोमती नगर क्षेत्र से सिंडिकेट के प्रमुख पार्टनर अमित कुमार सिंह उर्फ अमित टाटा को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह नेटवर्क फर्जी दवा कंपनियों और कागज़ी बिलों के जरिए कोडीन मिश्रित कफ-सिरप की करोड़ों की खेप कई राज्यों और सीमावर्ती इलाकों तक भेजता था। पूरे रैकेट का मूल्य लगभग ₹100 करोड़ आंका गया है।
एसटीएफ की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह मेडिकल सप्लाई के नाम पर हजारों बोतलें भेजता था, जिन्हें बाद में अवैध नशे के बाजार में बेच दिया जाता था। आरोपी लंबे समय से कानून से बचता फिर रहा था और हाल में नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करने के प्रयास कर रहा था। गिरफ्तारी के दौरान टीम ने एक लग्जरी कार, दो मोबाइल, नकदी और कई डिजिटल दस्तावेज बरामद किए हैं।
