
लखीमपुर खीरी। जिले के ढखेरवा–गिरजापुरी मार्ग पर देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में पाँच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तब हुआ जब शादी समारोह से लौट रही एक अल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया से फिसलते हुए सीधे शारदा नहर में जा गिरी।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों के अनुसार कार तेज रफ्तार में थी और अंधेरा होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने क्रेन की मदद से कार को नहर से बाहर निकलवाया। कार में फंसे पाँच लोगों को मृत अवस्था में बाहर निकाला गया, जबकि चालक को गंभीर हालत में सीएचसी रमिया बेहड़ भेजा गया।
एक ही गांव के पाँच लोगों की मौत की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
