मेरठ। मंगलवार को मेरठ पुलिस ने एक थार गाड़ी को बीच सड़क पर रोककर कड़ा एक्शन लिया। जांच में पता चला कि गाड़ी के शीशों पर काली फिल्म चढ़ी थी और आगे की नंबर प्लेट पर “विधायक” लिखा पोस्टर लगा था।
पुलिस की पूछताछ में गाड़ी मुज़फ्फरनगर के चौरावाला गांव के प्रधान सर्वेश कुमार उर्फ़ वीरू की निकली। मौके पर मौजूद प्रधान के भाई से पुलिस ने पोस्टर और फिल्म तुरंत उतरवाई तथा कानून की जानकारी देते हुए सख्त चेतावनी दी।
बताया जा रहा है कि प्रधान वीरू खुद को कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार का करीबी बताते हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद से प्रधान वीरू सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। लोग इस मामले पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएँ दे रहे हैं — कुछ पुलिस की तत्परता की सराहना कर रहे हैं, तो कुछ प्रधान की ‘पावर शो’ पर सवाल उठा रहे हैं।
