मुजफ्फरनगर। क्रिसमस एवं नववर्ष के उत्सव को देखते हुए उत्तर प्रदेश शासन ने आबकारी दुकानों के संचालन समय में अस्थायी परिवर्तन किया है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के निर्देशानुसार जारी शासनादेश के तहत जनपद मुजफ्फरनगर की समस्त मदिरा की फुटकर दुकानें निर्धारित तिथियों पर अधिक समय तक खुली रहेंगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्रिसमस पर्व के अवसर पर 24 एवं 25 दिसंबर 2025 तथा नववर्ष के उपलक्ष्य में 30 एवं 31 दिसंबर 2025 को जनपद की सभी शराब की खुदरा दुकानें प्रातः 10 बजे से रात्रि 11 बजे तक संचालित की जाएंगी। यह निर्णय उत्सव के दौरान बढ़ी हुई मांग और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी दुकानदारों को शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों का सख्ती से पालन करना होगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध बिक्री पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, आमजन से अपील की गई है कि यदि आबकारी से संबंधित कोई शिकायत हो तो जन शिकायत मोबाइल ऐप के माध्यम से सीधे शिकायत दर्ज कर सकते हैं, जिससे समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन ने यह भी कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त निगरानी रहेगी, ताकि उत्सव सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group