शामली। जनपद के मुंडेट रोड पर शनिवार को एक तेज रफ्तार सड़क हादसे ने खुशियां मातम में बदल दीं। बैटरी स्कूटी से जा रहे एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की भिड़ंत तेज रफ्तार बुलेट बाइक से हो गई। आमने-सामने की इस टक्कर में बुजुर्ग की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार तीन किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुजुर्ग अपने पोते को लेने के लिए निकले थे। इसी बीच सामने से तेज गति में आ रही बुलेट बाइक अचानक स्कूटी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और बुजुर्ग की मौके पर ही हालत बिगड़ गई।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। हादसे के कारण कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है।
