मुजफ्फरनगर, 29 जनवरी 2026। राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) में बुधवार को उस समय विशेष हलचल देखी गई जब माननीय जनपद न्यायाधीश श्री बीरेंद्र कुमार सिंह ने पूर्वाह्न 10:10 बजे संस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान न्यायिक अधिकारियों ने किशोरों की रहन-सहन, अनुशासन, गतिविधियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर माननीय अपर जज श्रीमती दिव्या भार्गव, अपर जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सतेंद्र चौधरी, मुख्य न्याय मजिस्ट्रेट श्रीमती कविता अग्रवाल तथा नगर मजिस्ट्रेट श्री पंकज प्रकाश राठौड़ भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने किशोरों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में प्रत्येक किशोर द्वारा अपने गमले की देखरेख की व्यवस्था की समीक्षा की गई, जिसे संतोषजनक पाया गया। उत्कृष्ट देखभाल करने वाले एक किशोर को अधिकारियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।
गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में किशोरों ने ‘जलियांवाला बाग’ विषय पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया, जिसे न्यायिक अधिकारियों ने भावनात्मक और प्रभावशाली बताते हुए सराहा।
निरीक्षण के दौरान संस्था प्रभारी श्री मोहित कुमार, सहायक अध्यापक श्री राकेश कुमार, कर्मचारी श्री प्रदीप कुमार, श्री सुजीत कुमार सहित सुरक्षा कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि किशोरों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रत्येक माह वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group