मुज़फ्फरनगर, 3 जनवरी 2026। जनपद मुज़फ्फरनगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सर्दी के मौसम में बढ़ रहे हृदय रोग और हार्ट अटैक के जोखिम को देखते हुए जनपदवासियों से जागरूक और सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि ठंड बढ़ने पर रक्त नलिकाएं सिकुड़ जाती हैं, जिससे रक्तचाप बढ़ता है और हृदय पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। यह स्थिति विशेष रूप से बुजुर्गों, ब्लड प्रेशर व मधुमेह रोगियों, मोटापे से ग्रस्त व्यक्तियों और पुराने हृदय रोगियों के लिए अधिक खतरनाक होती है।
उन्होंने कहा कि ठंड में शारीरिक गतिविधि कम हो जाती है तथा लोग तैलीय और मसालेदार भोजन का सेवन अधिक करते हैं, जो जोखिम को दोगुना कर देता है। वहीं, धूम्रपान और शराब हृदय के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं। ठंड में रक्त गाढ़ा होने से हार्ट अटैक की संभावना और बढ़ जाती है।
सीएमओ ने नागरिकों को सलाह दी कि वे
✔ गर्म कपड़े पहनें
✔ सुबह-शाम कड़ाके की ठंड में बाहर जाने से बचें
✔ हल्का नियमित व्यायाम करें
✔ कम नमक व संतुलित भोजन लें
✔ तैलीय भोजन, धूम्रपान व शराब से दूरी रखें
उन्होंने कहा कि हृदय रोग, मधुमेह और हाई बीपी के मरीज दवाएं नियमित लें और चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार जांच कराते रहें। यदि किसी व्यक्ति को
➡ सीने में दर्द
➡ सांस लेने में कठिनाई
➡ अत्यधिक पसीना
➡ चक्कर या बेचैनी
महसूस हो, तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
डॉ. तेवतिया ने कहा कि सर्दियों में सावधानी, स्वास्थ्य जागरूकता और संतुलित जीवनशैली अपनाकर हार्ट अटैक के खतरे से प्रभावी रूप से बचा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group