देवबंद | सहारनपुर। देवबंद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गांव निवासी 14 वर्षीय दलित छात्र मयंक, जो कक्षा 9 का छात्र था, की नृशंस हत्या कर दी गई। आरोप है कि छात्र को बहाने से घर से बाहर बुलाया गया और सुनसान स्थान पर ले जाकर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। वारदात को छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया, जिससे मामला ट्रेन हादसे जैसा लगे।
परिजनों का कहना है कि मयंक की एक किशोरी से मित्रता थी, जिसे लेकर कुछ समय से तनाव चल रहा था। परिवार ने इसी विवाद को हत्या की वजह बताते हुए पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है और गांव में आक्रोश का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या, साजिश और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और स्थानीय पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
