सहारनपुर। जिले के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में सक्रिय गोकशी प्रकरण के एक वांछित आरोपी को पुलिस ने देर रात चेकिंग अभियान के दौरान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमों को लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना मिर्जापुर पुलिस टीम रात में प्याजगढ़ पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में बिना नम्बर प्लेट की बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर उन्होंने गति बढ़ा दी और बाइक फिसलने के बाद पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक युवक के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा।
घायल युवक की पहचान शाहिन उर्फ़ हसीन पुत्र सलीम मुल्ला निवासी कस्बा मिर्जापुर, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले से गोकशी, गैंगस्टर एक्ट एवं अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से वांछित चल रहा था।
मौके से पुलिस ने एक देशी तमंचा, जिंदा कारतूस तथा बिना नम्बर की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
थाना मिर्जापुर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और गोकशी जैसी गतिविधियों में लिप्त तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group