मुजफ्फरनगर। जनपद में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने मंगलवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खालापार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली, चिकित्सीय सेवाओं एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।
सीएमओ ने ओपीडी कक्ष, दवा वितरण केंद्र, टीकाकरण कक्ष, पंजीकरण काउंटर एवं अन्य आवश्यक सेवाओं का निरीक्षण करते हुए मरीजों से सीधे संवाद किया। उन्होंने निर्देश दिए कि ओपीडी समय का शत-प्रतिशत पालन हो और किसी भी मरीज को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। दवाओं की उपलब्धता, रिकॉर्ड संधारण और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।
स्टाफ की उपस्थिति पंजिका की जांच करते हुए डॉ. तेवतिया ने चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, परिवार नियोजन कार्यक्रमों और राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।
सीएमओ ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी और समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group