सहारनपुर, 23 जनवरी 2026। जनपद के सबसे संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में हुई एक बड़ी चोरी ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली रोड पर स्थित कैरटलेन डायमंड ज्वेलरी शोरूम में अज्ञात चोरों ने रात के समय सेंध लगाकर हीरे, सोने और अन्य कीमती आभूषण चोरी कर लिए। खास बात यह है कि यह शोरूम डीआईजी कार्यालय के ठीक सामने स्थित है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से शोरूम की पिछली दीवार को तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। अलार्म और सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर उन्होंने काफी समय तक शोरूम में रहकर कीमती गहनों को समेटा और फरार हो गए।
सुबह शोरूम खुलने पर जब कर्मचारी अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने पहुंचकर जांच शुरू की। आसपास के प्रतिष्ठानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।
शोरूम प्रबंधन के अनुसार चोरी गए गहनों का मूल्य करोड़ों रुपये में हो सकता है, हालांकि अंतिम आंकलन अभी जारी है। घटना के बाद शहर के व्यापारियों में रोष और भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group