सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में शनिवार देर शाम अपराधियों ने जो हैवानियत दिखाई, उसने पूरे इलाके को दहला दिया। चांदा थाना क्षेत्र के साढ़ापुर गांव निवासी 24 वर्षीय युवक अमन यादव को बदमाशों ने पहले सरेआम अगवा किया, फिर एक स्कूल परिसर में दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा और आखिरकार उसकी हत्या कर शव को गोमती नदी के किनारे फेंक दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शनिवार शाम करीब पौने आठ बजे अमन यादव बाइक से अपने रिश्तेदार को लेने जा रहा था। तभी एक कार में सवार 5 से 6 युवक वहां पहुंचे और उसे जबरन घेर लिया। विरोध करने पर बदमाश उसे पास ही स्थित स्कूल के मैदान में ले गए, जहां लाठियों व डंडों से जमकर पीटा गया। इसके बाद उसे कार में डालकर फरार हो गए।
रविवार सुबह ग्रामीणों ने इब्राहिमपुर घाट के पास गोमती नदी किनारे एक युवक का शव देखा, जिसकी शिनाख्त अमन यादव के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इस हत्याकांड में पुलिस ने कुल 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अब तक मयंक यादव और शिवम यादव नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।
घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है। मृतक अमन यादव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group