मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना स्थित डीएवी कॉलेज के छात्र उज्ज्वल राणा की आत्मदाह के बाद हुई मृत्यु के मामले ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। परिजनों ने प्रशासन पर आरोप लगाया है कि घटना के बाद जो आश्वासन और समझौते किए गए थे, उन्हें अब तक पूरी तरह लागू नहीं किया गया। इसी नाराजगी के चलते परिवार ने 8 दिसंबर से कॉलेज परिसर के बाहर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने की घोषणा कर दी है।
परिजनों का कहना है कि मामले में कुछ लोगों पर कार्रवाई जरूर हुई है, लेकिन अब भी कई जिम्मेदार लोग कानून की पकड़ से बाहर हैं। परिवार की मांग है कि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और एक सदस्य को रोजगार दिया जाए। साथ ही उज्ज्वल की स्मृति में कॉलेज परिसर में स्मारक बनाए जाने की भी मांग रखी गई है।
