मुजफ्फरनगर।आगामी क्रिसमस पर्व को लेकर मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ तथा जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) श्रीमती अर्चना धीरान के नेतृत्व मे विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य नमूने एकत्र किए गए।
टीम द्वारा मौहल्ला गांधी नगर, भोपा रोड स्थित मैसर्स डैली बैली फूड्स एंड बेवरेजेज लिमिटेड से स्ट्रॉबेरी केक एवं मिल्की बार केक के नमूने लिए गए। वहीं, लद्दावाला क्षेत्र स्थित मैसर्स डायमंड बेकरी से पाइनएप्पल केक का नमूना संग्रहित किया गया।
कुल तीनों नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार, वैभव शर्मा, पूनम कुमारी, सुनील कुमार एवं विशाल चौधरी शामिल रहे।
