मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध चिकित्सा संस्थानों पर नकेल कसने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने खतौली क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर ब्लॉक प्रभारी चिकित्साधिकारी खतौली डॉ. अवनीश कुमार सिंह की टीम ने बुधवार को मंसूरपुर गांव में औचक जांच की।
जांच के दौरान दो क्लिनिक बिना किसी वैध पंजीकरण, लाइसेंस और चिकित्सकीय योग्यता के दस्तावेजों के बगैर संचालित पाए गए। टीम द्वारा पूछताछ करने पर संचालक कोई संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। जिस पर स्वास्थ्य विभाग ने दोनों क्लिनिकों को मौके पर ही सील कर दिया तथा नियम अनुसार नोटिस जारी किया।
अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में फर्जी और अपंजीकृत क्लिनिकों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध चिकित्सा केंद्र की जानकारी जन शिकायत ऐप के माध्यम से दें, जिससे कार्रवाई तेजी से की जा सके।

