मुजफ्फरनगर, 19 जनवरी 2026। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय तरीके से मनाने के लिए मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत कार्ययोजना तय की गई और जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि गणतंत्र दिवस पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाए। उन्होंने नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत क्षेत्रों में सभी प्रमुख चौराहों पर लगी महापुरुषों की मूर्तियों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए उन्होंने कहा कि सुबह 8:30 बजे सभी सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण, संविधान की प्रस्तावना का पाठ और राष्ट्रगान का आयोजन होगा। इसके बाद टाउन हॉल से प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जो अंसारी रोड होते हुए शिव चौक से वापस टाउन हॉल पहुंचेगी। इसमें विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे और जलपान की व्यवस्था शिक्षा विभाग द्वारा की जाएगी।
सुबह 9:00 बजे स्टेडियम में दौड़ प्रतियोगिता आयोजित होगी। 9:30 बजे पुलिस लाइन में भव्य परेड और ध्वजारोहण होगा, जिसमें केंद्रीय/प्रदेश सरकार के मंत्री परेड की सलामी लेंगे। 10:00 बजे सभी शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण के बाद खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
सुबह 11:00 बजे जिला कारागार में महिला, किशोर और बीमार बंदियों को फल वितरित किए जाएंगे। इसी समय जिला अस्पताल में भी मरीजों को फल वितरण होगा।
दोपहर 12:00 बजे पुलिस लाइन से भव्य मार्च पास्ट निकाला जाएगा, जिसमें पुलिस बैंड, स्कूल बैंड, एनसीसी, होमगार्ड, स्काउट-गाइड और विभिन्न विद्यालयों के छात्र शामिल होंगे। साथ ही स्वच्छ भारत, कृषि, वन, उद्योग, पशुपालन, गन्ना विकास, दुग्ध विकास, मत्स्य, परिवार कल्याण आदि विभागों की झांकियां भी प्रदर्शित होंगी। मार्च पास्ट अंसारी रोड, सरवट रोड, शिव चौक होते हुए टाउन हॉल पर समाप्त होगा।
अपरान्ह 1:30 बजे कुष्ठ आश्रम में फल वितरण होगा। इसके बाद 3:30 बजे नगर पालिका मैदान में आम सभा और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें स्थानीय संस्थाओं और नागरिकों की भागीदारी रहेगी।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एआरटीओ, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
