मुज़फ्फरनगर। भौराकला थाना क्षेत्र के भौरा खुर्द गांव में लापता सात वर्षीय बालक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिगों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना से गांव में सनसनी और आक्रोश का माहौल है।
बताया गया कि बालक घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश के बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। गांव के बाहर स्थित गन्ने के खेत में उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने दुष्कर्म की नीयत से बच्चे को जंगल की ओर ले जाकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। नीयत पूरी न होने पर उन्होंने मासूम का गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
