फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जिले के झाड़सेंतली गांव में एक ऐसा हादसा सामने आया है, जिसने पूरे समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है। यहां पढ़ाई के दबाव और गुस्से में एक पिता ने अपनी ही साढ़े चार साल की बेटी की जान ले ली।
पुलिस के अनुसार, आरोपी कृष्णा जैसवाल घटना के दिन घर पर बच्चों को पढ़ा रहा था। उसने अपनी छोटी बेटी से एक से पचास तक की गिनती लिखने के लिए कहा। उम्र के हिसाब से कठिन यह कार्य बच्ची नहीं कर सकी। इसी बात से नाराज़ होकर पिता ने बेलन उठाया और मासूम को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया।
पिटाई इतनी गंभीर थी कि बच्ची बेहोश हो गई। बाद में उसे फरीदाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उस समय बच्ची की मां नौकरी पर थी। घर लौटने पर पति ने बताया कि बच्ची सीढ़ियों से गिर गई थी, लेकिन शरीर पर गहरी चोटों के निशान देखकर मां को शक हुआ।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने सच कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
यह मामला न सिर्फ एक हत्या की कहानी है, बल्कि बच्चों पर डाले जा रहे शैक्षणिक दबाव और घरेलू हिंसा पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group