मुज़फ्फरनगर के योगेंद्र नगर सीकरी गांव में ग्राम प्रधान राजेंद्र के खिलाफ ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि कई वर्षों से उनके कब्जे में रही खेती वाली जमीन पर प्रधान ने जबरन कब्जा कर लिया। आसिफ नामक ग्रामीण के अनुसार, उनके परिवार ने 1994 से इस जमीन पर खेती की है, लेकिन हाल ही में प्रधान राजेंद्र और उनके सहयोगियों ने इसे अपनी बताकर कब्जा जमाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आसिफ और उनके परिवार के साथ मारपीट की गई, जिसमें उनके बुजुर्ग पिता को गंभीर चोटें आईं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधान राजेंद्र पर पहले से ही गैंगस्टर सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और उनका गांव में दबदबा बना हुआ है। इसी कारण लोग उनके खिलाफ आवाज उठाने से डरते हैं। पीड़ित परिवार सहित कई ग्रामीणों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर विस्तृत शिकायत दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो गांव का माहौल और बिगड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि जमीन कब्जे व मारपीट के मामले में सख्त कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए और गांव में भय-मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जाए।

