मुजफ्फरनगर : बघरा क्षेत्र के पिन्ना गांव में रजवाहे की पटरी पर बनाई गई नई सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। गंगा नहर सिंचाई विभाग द्वारा हाल ही में तैयार कराई गई यह सड़क महज आठ दिनों में ही टूटने लगी, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया। जगह-जगह से डामर उखड़ गया है और गिट्टियां बाहर आ गई हैं। किसान नेता व आरटीआई कार्यकर्ता सुमित मलिक ने आरोप लगाया कि इस निर्माण में सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है और ठेकेदार व संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच होनी चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग के उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क खेतों तक पहुंचने का मुख्य मार्ग है, लेकिन खराब हालत के कारण अब आवागमन मुश्किल हो गया है।
प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही जांच कराकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।

