मुज़फ्फरनगर ।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में जनता दर्शन आयोजित किया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराईं। लोगों ने अस्पतालों में आवश्यक सुविधाओं की कमी, दवाओं की उपलब्धता, स्टाफ के व्यवहार और उपचार में देरी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
डॉ. तेवतिया ने सभी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का शीघ्र, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि स्वास्थ्य विभाग में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और दोषी कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने जनता को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याएं निडर होकर विभाग तक पहुँचाएं, ताकि स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके। साथ ही उन्होंने जन शिकायत ऐप के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की भी अपील की।
