दोडा। जम्मू-कश्मीर के दोडा जिले में गुरुवार को भारतीय सेना के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से देश को भारी क्षति उठानी पड़ी। भद्रवाह क्षेत्र के एक संकरे और पहाड़ी मार्ग पर चलते समय सेना का वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 से 300 फीट गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में 10 सैनिकों की शहादत हो गई, जबकि 11 अन्य जवान गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन नियमित सैन्य ड्यूटी के तहत ऊंचाई वाले इलाके की ओर बढ़ रहा था। पहाड़ी मार्ग पर तीखे मोड़ और ढलान के चलते वाहन का संतुलन बिगड़ गया। हादसे के बाद भारतीय सेना, पुलिस और आपदा प्रबंधन दलों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
घायल जवानों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, बाद में गंभीर रूप से घायलों को उधमपुर के सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ जवानों को हेलिकॉप्टर के माध्यम से एयरलिफ्ट भी किया गया।
जम्मू और कश्मीर प्रशासन ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारों को आर्थिक सहायता और सभी वैधानिक लाभ देने की घोषणा की है। सेना ने हादसे की विस्तृत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
