मुज़फ्फरनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुज़फ्फरनगर ने लीगल एड डिफेन्स काउंसिल सिस्टम (LADCS) के अंतर्गत दो महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह प्रक्रिया उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में शुरू की गई है।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेन्स काउंसिल तथा असिस्टेंट लीगल एड डिफेन्स काउंसिल के एक-एक पद पर योग्य अधिवक्ताओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। डिप्टी चीफ पद के लिए न्यूनतम सात वर्ष का आपराधिक मामलों का अनुभव, उत्कृष्ट संवाद कौशल, शोध क्षमता तथा सेशंस कोर्ट में पर्याप्त मामले लड़ने का अनुभव आवश्यक है। वहीं असिस्टेंट काउंसिल के लिए एक से तीन वर्ष का क्रिमिनल प्रैक्टिस अनुभव, बेहतर लेखन-वाचन कौशल और आईटी ज्ञान अनिवार्य रखा गया है।
इच्छुक अधिवक्ता अपना स्वहस्ताक्षरित आवेदन पत्र, आवश्यक प्रमाणपत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो और स्वयं का लिखा हुआ पता संलग्न कर 12 दिसंबर 2025 की शाम 5 बजे तक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में जमा कर सकते हैं। आवेदन डाक के माध्यम से भी स्वीकार किए जाएंगे।
अधिकारियों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया एवं मानदेय से संबंधित विस्तृत जानकारी upslsa.up.nic.in तथा e-Courts – मुज़फ्फरनगर पोर्टल पर उपलब्ध है।
