जौनपुर | उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जफराबाद थाना क्षेत्र में एक युवक ने पैसों के विवाद के चलते अपने ही माता-पिता की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए उनके शवों को गोमती नदी में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अंबेश कुमार (30) के रूप में हुई है, जो मृतक श्याम बहादुर और बबिता देवी का इकलौता बेटा है। 8 दिसंबर को घर में पैसों को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद अंबेश ने सिलबट्टे से हमला कर दोनों की जान ले ली।
घटना को छिपाने के लिए आरोपी ने माता-पिता के लापता होने की कहानी रची। उसकी बहन वंदना देवी ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमें गठित कीं। जांच के दौरान संदेह गहराने पर 16 दिसंबर को अंबेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
