मुज़फ्फरनगर/हिसार।
ऑनलाइन निवेश के नाम पर चल रही ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा तब हुआ, जब साइबर थाना मुज़फ्फरनगर की टीम ने हरियाणा के हांसी कस्बे से एक युवक नसीबदीन को गिरफ्तार किया। उस पर आरोप है कि उसने खुद को ट्रेडिंग सलाहकार बताकर ईडी अधिकारी की पत्नी से ₹65 लाख हड़प लिए थे।
पुलिस के अनुसार पीड़िता को एक टेलीग्राम ग्रुप में शामिल करवाया गया, जहां विदेशी मार्केट, स्टॉक और हाई-रिटर्न ट्रेडिंग का दावा किया जाता था। शुरुआती दिनों में नकली लाभ दिखाकर विश्वास जमाया गया। इसके बाद महिला को अलग-अलग खातों में लाखों रुपये भेजने के लिए उकसाया गया। जब तय मुनाफा नहीं मिला और चैट ग्रुप भी गायब हो गया, तब ठगी की सच्चाई सामने आई।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस को नसीबदीन के बैंक खातों में 10 करोड़ से ज्यादा का असामान्य लेनदेन मिला। पुलिस का कहना है कि आरोपी 9वीं पास है और पहले रिक्शा चलाता था, परंतु उसके पीछे एक संगठित साइबर गैंग होने की आशंका है।
जांच में यह भी सामने आया कि उसके खिलाफ कई अन्य जिलों में ऑनलाइन ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।
इस मामले में एक अन्य आरोपी अजहर उल्ला को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है, जिसने झूठे निवेश प्लेटफॉर्म और फर्जी मोबाइल नंबरों से अनेक लोगों को निशाना बनाया है।
