
मुज़फ्फरनगर। तितावी थाना पुलिस ने देर रात चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में नियमों की अनदेखी कर चल रहे तीन डम्परों को पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने जिन डम्परों को रोका, उनकी नंबर प्लेटों में गड़बड़ी मिली और ओवरलोडिंग की आशंका भी पाई गई। मौके पर पहुंचे खनन विभाग और संभागीय अधिकारी ने भी वाहनों की बारीकी से जांच कराई।
जब्त किए गए डम्परों के नंबर HR-58E-1347, HR-69C-9173 और UP-19AT-1078 बताए गए हैं। तीनों वाहनों पर कुल छह लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। अधिकारियों के अनुसार गलत नंबर प्लेट लगाकर अवैध ढंग से माल ढोने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसके बाद यह अभियान तेज किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि रात में नियम तोड़कर चलने वाले और अवैध खनन से जुड़े वाहनों पर इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि ऐसे संदिग्ध वाहनों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में अवैध परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
