मुजफ्फरनगर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने 30 साल से फरार चल रहे शातिर अपराधी गुलजार उर्फ मामा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर अलग-अलग राज्यों में सक्रिय था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक गुलजार अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह का सरगना था, जो ट्रैक्टर, ट्रॉली और अन्य भारी कृषि मशीनरी की चोरी कर उन्हें दूसरे राज्यों में खपाता था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। कई राज्यों की पुलिस उसे तलाश रही थी।
गिरफ्तारी के दौरान जब पुलिस ने उसे घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। मौके से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद होने की सूचना है।
इस साहसिक कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम का नेतृत्व कोतवाली प्रभारी सुभाष अत्री ने किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संयम कुमार वर्मा ने पूरी टीम को सम्मानित करते हुए कहा कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगेगा। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group