शामली। दिल्ली में हुए बम धमाके में जान गंवाने वाले और घायल हुए युवकों के परिजनों से मिलने के लिए रविवार को यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार राय शामली पहुंचे। यहां उन्होंने कैराना और झिझाना कस्बों में अलग-अलग परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और पीड़ितों के दर्द को सुना।
अजय राय सबसे पहले कैराना कस्बे पहुंचे, जहां उन्होंने घायल युवक अमन अंसारी के परिवार से बातचीत की। इसके बाद वे झिझाना गए, जहां बम विस्फोट में मारे गए नोमान अंसारी के घर पर पहुंचे। परिजनों ने उन्हें बताया कि हादसे ने पूरे परिवार की कमर तोड़ दी है। नोमान के पिता इमरान अंसारी ने यह भी बताया कि बड़े बेटे फरमान की दोनों किडनियाँ खराब हैं और सप्ताह में दो बार डायलिसिस कराना पड़ता है। इलाज में भारी खर्च होने के कारण परिवार को अपना मकान तक बेचना पड़ा है।
अजय राय ने दोनों परिवारों की हालत देखकर इस घटना को “गंभीर मानवीय त्रासदी” बताया और कहा कि सरकार को तुरंत पीड़ितों की आर्थिक सहायता करनी चाहिए। उन्होंने यूपी और केंद्र सरकार से मांग की कि मृतक परिवार को कम से कम एक करोड़ रुपए का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, ताकि परिवार आगे का जीवन संभाल सके।
उन्होंने कहा कि दिल्ली का यह धमाका सिर्फ एक अपराध नहीं बल्कि समाज की सुरक्षा पर सीधा हमला है। राय ने जिम्मेदार दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि चाहे आरोपी कितना भी पढ़ा-लिखा हो या किसी भी पेशे से जुड़ा हो, उसे कठोर सजा मिलनी चाहिए।
अजय राय ने साफ कहा कि इस दुख की घड़ी में राजनीति की जगह सिर्फ इंसानियत और न्याय की बात होनी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस इन परिवारों की हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़ी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group