नोएडा।नोएडा पुलिस ने इवेंट मैनेजमेंट सेक्टर से जुड़े एक बड़े गबन मामले का खुलासा करते हुए कंपनी के ही दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने साजिश के तहत 2.10 करोड़ रुपये कीमत का लाइट और साउंड सिस्टम हड़पने की कोशिश की।
थाना फेस-वन पुलिस के मुताबिक इवेंट कंपनी की मालकिन भावना ने शिकायत दी थी कि कंपनी का कीमती लाइट-साउंड सिस्टम और वाहन अचानक गायब हो गए हैं। कंपनी में ट्रांसपोर्ट की जिम्मेदारी संभाल रहे महफूज खान और चालक अखिलेश ने दावा किया था कि सामान से भरा ट्रक लूट लिया गया है।
पुलिस ने जब मामले की गहन जांच की तो कहानी संदिग्ध लगी। सर्विलांस और मुखबिरों की सूचना पर दोनों आरोपियों को पक्षी विहार अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने ही तीन कैंटर और एक टाटा इंट्रा वाहन छिपाकर रखे थे और सामान को बेचने की तैयारी में थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हाई-पावर साउंड सिस्टम, प्रोफेशनल लाइटिंग उपकरण और अन्य इवेंट सामग्री बरामद कर ली है।
एडीसीपी नोएडा शैव्या गोयल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group