देहरादून की वीआईपी रोड पर हुई यह वारदात पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बेटे दिव्य प्रताप सिंह से जुड़ी बताई जा रही है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि दिव्य प्रताप और उसके साथ आए युवक एक कार को रोकते हैं और उसमें बैठे युवक को जबरन बाहर खींचकर सड़क पर घेर लेते हैं। इसके बाद धमकाते हुए उसकी पिटाई की जाती है।
पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि वह पूर्व मुख्य सचिव एस. रामास्वामी का पुत्र है और मामूली ओवरटेक की बात पर विवाद बढ़ा दिया गया। घटना देहरादून की VIP रोड, नालापानी क्षेत्र के पास हुई बताई जा रही है, जहाँ सीसीटीवी कैमरों में पूरा घटनाक्रम कैद हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। शुरुआती जांच में पुष्टि हुई है कि मारपीट करने वालों में दिव्य प्रताप सिंह सबसे आगे था।
घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भारी नाराजगी है और लोग पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के परिवार पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज कर दी है।

