मुजफ्फरनगर। रामराज थाना पुलिस और साइबर क्राइम टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़े ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। वेटर का काम करने वाला नजीब और उसका साथी प्रशांत उर्फ निखिल, नाबालिग युवक को डरा-धमकाकर पैसे ऐंठते थे।
घटना की शुरुआत तब हुई जब 17 वर्षीय युवक अर्जुन की जान-पहचान प्रशांत से हुई। आरोपी ने उसे निवेश के नाम पर मुनाफा दिलाने का झांसा दिया और किशोर से पहली किस्त में बड़ी राशि अपने खाते में ट्रांसफर करा ली।
जब किशोर ने पैसे वापस मांगे तो नजीब ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर युवक को धमकाना शुरू कर दिया और 45,000 रुपये और वसूल लिए। कुल मिलाकर आरोपी गिरोह ने किशोर से 1,62,400 रुपये की ठगी की।
पीड़ित के पिता की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को धरदबोचा। पुलिस ने उनके पास से मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और लेनदेन से जुड़े साक्ष्य बरामद किए हैं।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की भी जांच कर रही है।
