मुजफ्फरनगर/पटियाला। साइबर ठगी के एक चौंकाने वाले मामले में पंजाब पुलिस ने मुजफ्फरनगर के गोयला गांव (थाना शाहपुर) निवासी अमित बालियान को गिरफ्तार कर एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। आरोपी खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ED) का अधिकारी बताकर व्यापारियों को डराता था और मोटी रकम वसूल करता था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि अमित बालियान पहले सोशल मीडिया और सार्वजनिक प्लेटफॉर्म से व्यापारियों की आर्थिक जानकारी जुटाता था। इसके बाद वह विदेशी वर्चुअल नंबरों से संपर्क कर खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताता और मनी लॉन्ड्रिंग व टैक्स घोटाले में नाम आने की बात कहकर भय का माहौल बनाता था।
आरोपी वीडियो कॉल के दौरान एक फर्जी “कोर्ट रूम” जैसा सेटअप दिखाकर पीड़ितों को यह यकीन दिलाता था कि उनके खिलाफ कार्रवाई तय है। इसी दबाव में पटियाला के एक व्यापारी से उसने लगभग ₹50 लाख अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।
तकनीकी सर्विलांस और IP ट्रैकिंग के जरिए पंजाब पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में ₹20 लाख नकद, फर्जी ED पहचान पत्र, कई मोबाइल फोन, लैपटॉप और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस का मानना है कि आरोपी ने चंडीगढ़ और लुधियाना समेत कई शहरों में भी लोगों को अपना शिकार बनाया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है तथा ठगी की कुल रकम कितनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group