
मुज़फ्फरनगर। शहर के परिक्रमा मार्ग की जर्जर हालत से परेशान एक युवक ने गुरुवार को अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। विजय हिंदुस्तानी नामक युवक ने सड़क पर भरे गंदे पानी में उतरकर ‘जल-विरोध’ किया और अधिकारियों की उदासीनता पर सवाल खड़े किए। युवक ने बेड़ियां पहनकर प्रदर्शन किया, ताकि लोगों और प्रशासन का ध्यान समस्या की गंभीरता की ओर खिंच सके।
स्थानीय लोगों के अनुसार, परिक्रमा मार्ग पर पिछले कई महीनों से गहरे गड्ढे और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। एक लेन पूरी तरह बंद है, जबकि दूसरी ओर भी वाहनों के फिसलने और दुर्घटनाओं की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं।
विजय हिंदुस्तानी ने सड़क की मरम्मत की मांग उठाते हुए कहा कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन आज तक स्थिति जस की तस है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्यवाही नहीं हुई, तो वे और कड़े कदम उठाने को मजबूर होंगे।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है, ताकि रोजाना आवाजाही करने वाले हज़ारों लोगों को राहत मिल सके।
