बागपत। जनपद बागपत के छपरौली थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। देर रात तीनों दोस्त बाइक से अपने गांव की ओर लौट रहे थे, तभी अचानक सड़क पर सामने से आ रही भैंसा-बुग्गी से उनकी तेज रफ्तार बाइक टकरा गई।
हादसे में बाइक सवार छात्र प्रिंस को सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से उसके दोनों घायल दोस्तों दीक्षित और बाली को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छात्र प्रिंस स्थानीय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का विद्यार्थी था। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
