बागपत। खेकड़ा पुलिस ने गुरुवार रात बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपए के इनामी अपराधी कलीराम को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार कलीराम, जो झिंझाना (शामली) का निवासी बताया जा रहा है, लूट और अन्य गंभीर मामलों में वांछित था। लंबे समय से इसकी तलाश चल रही थी।
पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक हथियार के साथ मोटरसाइकिल पर खेकड़ा क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना पुख्ता होने पर कोतवाली खेकड़ा की टीम ने इलाके में घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देखकर कलीराम ने भागने का प्रयास किया और फायरिंग भी की। पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली उसके दाहिने पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा।
घायल बदमाश को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसका उपचार जारी है। तलाशी में पुलिस को उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और संदिग्ध नंबर वाली मोटरसाइकिल मिली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कलीराम पर लूट की वारदात में शामिल रहने के कारण 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
