बागपत | उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में सोमवार रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया। मेरठ से दबिश देकर लौट रही पुलिस टीम की कार मेरठ-बागपत रोड पर जानी नहर के समीप अनियंत्रित होकर हिंडन नदी में जा गिरी, जिससे हेड कांस्टेबल राहुल कुमार और एक नागरिक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कार में सिंघावली अहीर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल राहुल कुमार, हेड कांस्टेबल कौशल शर्मा, बसौद गांव निवासी अजहरुद्दीन, गुड्डू और तैयब सवार थे। हादसा रात करीब दो बजे हुआ, जब वाहन चालक का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। अजहरुद्दीन और राहुल कुमार की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि अन्य तीनों को गंभीर अवस्था में मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
