मुज़फ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हज़ार रुपये का इनामी अपराधी गुलज़ार पकड़ा गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान गुलज़ार के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद वह रास्ते में लंगड़ाते हुए गिर पड़ा और पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। घटना के बाद इलाके में की गई गहन कांबिंग के दौरान उसके साथी नसीम को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, दोनों बदमाश लंबे समय से सक्रिय अंतरराज्यीय अपराधी गिरोह के सदस्य हैं। पुलिस रिकॉर्ड में इनके नाम पर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड और राजस्थान में लूट, चोरी, वाहन चोरी व नकदी लूटपाट जैसे मामलों से जुड़े 52 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। गैंग विभिन्न शहरों में रेकी कर वारदातें करता था और वारदात के बाद राज्य बदल देता था।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने जिन हथियारों का इस्तेमाल बदमाशों ने किया, उन्हें भी मौके से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से, एक मोटरसाइकिल ,दो तमंचे,  पांच जिंदा कारतूस,  अपराध में उपयोगी अन्य सामग्री बरामद की है।
घायल इनामी बदमाश गुलज़ार को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं, आरोपी नसीम से पुलिस विस्तृत पूछताछ कर रही है और गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी तेज की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के आपराधिक नेटवर्क, संपर्क सूत्रों और पुराने मामलों की तफ्तीश के लिए डोजियर खंगाले जा रहे हैं। दोनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group