बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश)। जनपद के कोतवाली देहात क्षेत्र में जमीन से जुड़े विवाद ने एक युवक की जान ले ली। नीमखेड़ा गांव के समीप बाग की पैमाइश को लेकर हुए विवाद में सूफियान पुत्र अब्दुल रशीद निवासी कसाईवाड़ा, बुलंदशहर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले में भाजपा ग्रामीण मंडल के पदाधिकारी सत्येंद्र उर्फ पिंटू चौधरी, उसके भाई रविंद्र उर्फ भूरा और विजय उर्फ बबलू समेत कुल आठ लोगों को नामजद किया गया है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि सूफियान अपने भाई अकरम और परिचित कादिर अली के साथ जमीन देखने गया था। मौके पर पहले से मौजूद लोगों से पैमाइश को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने सूफियान को लाठी-डंडों से पीटा और जब वह जान बचाकर भागा तो उसे स्कॉर्पियो वाहन से कुचल दिया गया। गंभीर रूप से घायल अकरम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कोतवाली देहात पुलिस ने अकरम की तहरीर पर हत्या, जानलेवा हमला, लूट और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
