रायबरेली के महराजगंज क्षेत्र के पाल्हीपुर गांव में मतदाता सूची सत्यापन के दौरान एक गंभीर घटना सामने आई है। सरकारी ड्यूटी पर तैनात महिला बीएलओ आरती यादव और लेखपाल अविनाश भारती जब घर-घर रिकॉर्ड मिलान कर रहे थे, तभी गांव के प्रधान दीपक यादव और उसके साथियों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने दोनों कर्मचारियों के साथ मारपीट की, सरकारी कागज़ फाड़ दिए और महिला कर्मचारी को धमकाया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और पीड़ितों की तहरीर पर प्रधान सहित कई लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रधान दीपक यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उपजिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी कर्मियों की सुरक्षा में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
