मुजफ्फरनगर, 1 जनवरी 2026।
मत्स्य विभाग द्वारा सघन मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाई जा रही एरेशन सिस्टम स्थापना योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के ऑनलाइन आवेदन पुनः आमंत्रित किए गए हैं। सहायक निदेशक मत्स्य, मुजफ्फरनगर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए इस योजना के तहत पहले विभागीय पोर्टल को 24 जुलाई 2025 से 31 अगस्त 2025 तक आवेदन हेतु खोला गया था, किंतु अपेक्षित संख्या में आवेदन प्राप्त न होने तथा कई लाभार्थियों के बैंक-आउट होने के कारण अब पोर्टल को पुनः खोलने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि अब इच्छुक मत्स्य पालक एवं पात्र लाभार्थी 29 दिसंबर 2025 से 7 जनवरी 2026 तक फिर से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के माध्यम से सघन मत्स्य पालन में उत्पादन बढ़ाने तथा जल में घुलित ऑक्सीजन स्तर बनाए रखने के उद्देश्य से तालाबों में एरेशन सिस्टम की स्थापना कराई जानी है, जिससे मछलियों के रख-रखाव और जीवित रहने की संभावना मजबूत होगी।
योजना के तहत परियोजना का विवरण, इकाई लागत, पात्रता मानक, आवेदन की प्रक्रिया एवं आवश्यक अभिलेखों की जानकारी विभागीय वेबसाइट fisheries.up.gov.in पर उपलब्ध कराई गई है। सहायक निदेशक ने बताया कि योजना से संबंधित यदि भविष्य में किसी प्रकार का संशोधन किया जाता है, तो वही संशोधित प्रावधान प्रभावी होंगे और लाभार्थियों को उसी के अनुरूप सुविधा प्रदान की जाएगी।
उन्होंने जनपद के इच्छुक लाभार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित समयावधि के भीतर पोर्टल पर आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त करें। साथ ही योजना से संबंधित किसी भी जानकारी या परामर्श के लिए आवेदक किसी भी कार्य दिवस में सहायक निदेशक मत्स्य, विकास भवन मुजफ्फरनगर अथवा मण्डलीय कार्यालय, उप निदेशक मत्स्य, गन्ना भवन सहारनपुर से संपर्क कर सकते हैं।
