मथुरा। उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ब्राह्मण समाज से जुड़े कुछ पार्टी विधायकों द्वारा की गई कथित बैठक पर कड़ा ऐतराज़ जताते हुए कहा कि भाजपा में जातिगत समूहबंदी के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी की राजनीति समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की विचारधारा पर आधारित है।
प्रदेश अध्यक्ष ने यह बयान मथुरा में आयोजित संगठनिक कार्यक्रम एवं मंदिर दर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत में दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने से पहले पार्टी मंच और संगठनात्मक मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
चौधरी ने स्पष्ट कहा कि यदि भविष्य में कोई भी नेता जाति या वर्ग के नाम पर अलग बैठक या शक्ति प्रदर्शन करता है, तो संगठन इसे अनुशासन भंग की श्रेणी में रखकर आवश्यक कार्रवाई करेगा।
उन्होंने सभी विधायकों एवं पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे सकारात्मक राजनीति, जनसेवा एवं विकास कार्यों पर ही ध्यान केंद्रित करें।
