मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे मंगलवार सुबह एक भयावह हादसे का गवाह बना। बलदेव थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 127 के पास घने कोहरे के बीच हुए मल्टी व्हीकल एक्सीडेंट में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4:30 बजे एक्सप्रेसवे पर दृश्यता लगभग शून्य थी। इसी दौरान अचानक वाहनों की रफ्तार नियंत्रित न हो पाने के कारण आगे-पीछे चल रही बसें और कारें आपस में टकरा गईं। हादसे में कुल आठ बसें और तीन कारें शामिल रहीं। टक्कर के बाद दो बसों में आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस, एंबुलेंस और एक्सप्रेसवे प्रशासन मौके पर पहुंचा। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान कई घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे यात्रियों को आगरा रेफर किया गया है। आग में झुलसे कई शवों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह घना कोहरा और तेज गति प्रतीत हो रही है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group