सऊदी अरब के मदीना के नजदीक एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें उमराह से लौट रहे भारतीय तीर्थयात्रियों की बस एक डीजल टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में आग लग गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार 42 भारतीयों की मौत की खबर है, जबकि 11 महिलाएं और बच्चे गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। बस में सवार अधिकतर यात्री तेलंगाना और कर्नाटक के रहने वाले थे, जो मक्का में उमराह की रस्में पूरी कर मदीना जा रहे थे। हादसे के बाद सऊदी बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया, लेकिन बस बुरी तरह जलने के कारण शवों और घायलों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों और घायलों की सही संख्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, जांच जारी है।

