मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए थाना नई मंडी पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर की गई सटीक कार्रवाई में एक महिला सहित तीन शातिर मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 6 किलो 238 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पहली गिरफ्तारी तुलसीनगर नाले के पास की गई। यहां पुलिस ने एक महिला को संदिग्ध अवस्था में रोका, जिसकी तलाशी लेने पर 1 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि महिला लंबे समय से क्षेत्र में नशे की सप्लाई से जुड़ी हुई थी।
इसके बाद पुलिस टीम ने बाबूराम गेट के समीप दबिश देकर एक अन्य तस्कर को हिरासत में लिया। तलाशी में उसके कब्जे से 2 किलो 146 ग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं तीसरी कार्रवाई एनएच-58 से बिलासपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर की गई, जहां पुलिस ने एक युवक को 2 किलो 192 ग्राम गांजा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राधा पत्नी कन्हैया उर्फ संजय (निवासी तुलसीनगर), देवेंद्र पुत्र महावीर सिंह (निवासी तुलसीनगर गांधी नगर) तथा नीटू पुत्र हरपाल (निवासी ग्राम कूकड़ा) के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए ऑपरेशन सवेरा लगातार जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
