मुजफ्फरनगर। जिले में वाहन चोरी की वारदातों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुजफ्फरनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मंसूरपुर पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलें और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई पालीवाल फैक्ट्री के समीप संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान की गई। पुलिस को देखकर बाइक सवार युवक भागने लगे, लेकिन सतर्कता दिखाते हुए टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान सोनू पुत्र कमल सिंह निवासी सिखेड़ा, जनपद हापुड़ और रिगन पुत्र मुन्नीराम निवासी सिखेड़ा, जनपद मेरठ के रूप में हुई। उनकी निशानदेही पर फैक्ट्री परिसर से चार अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें, एक अतिरिक्त तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अलग-अलग जनपदों से वाहन चोरी कर उन्हें सुनसान स्थानों पर छिपाते थे और बाद में बेच देते थे। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है।
