मुज़फ़्फरनगर। जिले में आँगनबाड़ी सहायिका के मानदेय पर संविदा आधारित रिक्त पदों को भरने के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया में महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि शासनादेश के अनुरूप संचालित की जा रही सीधी भर्ती प्रक्रिया में पहले आवेदन की अंतिम तिथि 08 दिसंबर 2025 निर्धारित थी, लेकिन अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए इसे बढ़ा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के 06 दिसंबर 2025 के अनुमोदन के बाद विभागीय वेबसाइट upanganwadibharti.in पर ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि में 10 दिनों का अतिरिक्त समय प्रदान किया गया है। अब इच्छुक उम्मीदवार 18 दिसंबर 2025 तक अपने आवेदन ऑनलाइन माध्यम से जमा कर सकते हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने पात्र अभ्यर्थियों से समय पर आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि यह अवसर उन महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण है जो आँगनबाड़ी प्रणाली से जुड़कर समाजसेवा करना चाहती हैं।
आवेदन प्रक्रिया एवं पात्रता से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है।
