मुज़फ्फ़रनगर | 23 दिसंबर 2025। मुज़फ्फ़रनगर में वायु प्रदूषण की गंभीर समस्या को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में एक अनोखा और भावनात्मक विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। पर्यावरण संरक्षण को लेकर सक्रिय युवक विजय हिंदुस्तानी ने प्रतीकात्मक रूप से खुद को जंजीरों से बांधकर और ऑक्सीजन मास्क पहनकर यह संदेश देने की कोशिश की कि जिले की हवा सांस लेने लायक नहीं रह गई है।
विजय हिंदुस्तानी ने बताया कि भोपा रोड क्षेत्र में कुछ औद्योगिक इकाइयों द्वारा कचरा और RDF जलाए जाने से लगातार जहरीला धुआं निकल रहा है। इससे आसपास के गांवों और शहर के कई मोहल्लों में लोग स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों और बुजुर्गों पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता विशाल ने कहा कि यदि समय रहते प्रदूषण पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रशासन द्वारा जल्द कार्रवाई नहीं होने पर छात्र और युवा संगठन मिलकर व्यापक जन आंदोलन शुरू करेंगे। प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन स्वीकार कर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group